Monday, November 16, 2026 Mon, Nov 16, 2026
कश्मीर

युवाओं में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, प्रकृति से फिर से जुड़ना समय की मांग है- सकीना इत्तू

श्रीनगर। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, समाज कल्याण एवं शिक्षा मंत्री सकीना इत्तू ने युवा पीढ़ी विशेषकर कॉलेज और स्कूल जाने वाले छात्रों में प्रकृति से फिर से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया।

मंत्री ने लड़कियों के सरकारी हायर सकैंडरी स्कूल कोठीबाग में विश्व पर्यावरण दिवस-2025 सप्ताह समारोह की पृष्ठभूमि में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।

इस अवसर पर निदेशक स्कूल शिक्षा कश्मीर डॉ. जी.एन. इत्तू, मुख्य शिक्षा अधिकारी, श्रीनगर, प्रधानाचार्य जीजीएचएसएस कोठीबाग, श्रीनगर जिले के विभिन्न संस्थानों के प्रमुख, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र भी उपस्थित थे।

सभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि वनों की कटाई और अन्य संबद्ध गतिविधियों के कारण कश्मीर के मौसम में भारी बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समय की मांग है कि प्रकृति के साथ फिर से जुड़ा जाए और युवा पीढ़ी के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाए।

सकीना इत्तू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक नीतिगत मुद्दा नहीं है बल्कि यह एक व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। हममें से प्रत्येक के पास अपने घरों, स्कूलों और समुदायों से बदलाव लाने की शक्ति है। मंत्री ने सभी प्रतिभागियों से वृक्षारोपण को अपनी आदत बनाने का आह्वान किया और इस बात पर जोर दिया कि हमें अपने कश्मीर के सौंदर्य और पर्यावरण की स्थिति को वापस लाने के लिए सामूहिक रूप से काम करने की जरूरत है, जिसके लिए वह दुनिया भर में जाना जाता है।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए जीजीएचएसएस कोठीबाग की भी प्रशंसा की और इस बात पर जोर दिया कि सरकारी संस्थान इन दिनों निजी स्कूलों के बराबर हैं। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित किए गए विभिन्न सरकारी संस्थानों के पदधारकों ने इस बात को दर्शाया है।

मंत्री ने यह भी कहा कि आईएएस और केएएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं के साथ-साथ नीट, गेट और अन्य व्यावसायिक परीक्षाओं में चयनित होने वाले छात्र आमतौर पर सरकारी संस्थानों के पूर्व छात्र होते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों को और अधिक प्रोत्साहन दे रहे हैं क्योंकि ये किसी भी विकसित समाज के स्तंभ होते हैं।

इस अवसर पर सकीना इत्तू ने हरित पहल को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जीजीएचएसएस कोठीबाग के युवा छात्रों की भी प्रशंसा की और उनसे प्रकृति के आजीवन राजदूत बनने का आग्रह किया।

अपने स्वागत भाषण में जीजीएचएसएस कोठीबाग की पिं्रसिपल ने इस कार्यक्रम की व्यापक रूपरेखा पर बात की। उन्होंने निरंतर सहयोग के लिए मंत्री का आभार भी व्यक्त किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने विभिन्न संस्थानों के 10वीं और 12वीं कक्षा के टॉपरों को सम्मानित किया। बाल रक्षा भारत के छात्रों को भी सम्मानित किया गया।

इससे पहले सकीना इत्तू ने ग्रीन स्कूल इको-क्लब के विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया जिसमें पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा के लिए विभिन्न उत्पादों और नवाचारों को प्रदर्शित किया गया। उन्होंने स्कूल की जैव विविधता दीवार का भी निरीक्षण किया।

More From कश्मीर

View category

Leave a comment

Your email address will not be published.