Monday, November 16, 2026 Mon, Nov 16, 2026
अन्य

डोडा में कांग्रेस की जय हिंद सभा व यात्रा, राज्य का दर्जा बहाल करने की उठी मांग

डोडा। जिला कांग्रेस कमेटी डोडा द्वारा वीरवार को भव्य जय हिंद सभा और जय हिंद यात्रा का आयोजन किया गया जिसमें पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला ने नेतृत्व किया। उनके साथ पूर्व विधायक व डोडा प्रभारी दिना नाथ भगत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शेख मुजीब, पूर्व एमएलसी श्याम लाल भगत, आईवाईसी सचिव मान सिंह राठौर व अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। यह रैली कांग्रेस की राष्ट्रव्यापी मुहिम का हिस्सा थी, जिसमें भारतीय सेना की बहादुरी को सम्मान देते हुए ऑपरेशन सिंधूर में उनके पराक्रम को सलाम किया गया। साथ ही केंद्र सरकार की विदेश नीति, जम्मू-कश्मीर को अब तक राज्य का दर्जा न देने और अन्य मुद्दों पर भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए गए।

सभा को संबोधित करते हुए रमण भल्ला ने कहा कि भाजपा सेना की बहादुरी को राजनीतिक रंग देकर उसका श्रेय ले रही है जबकि सुरक्षा और अखंडता से जुड़े अहम सवालों पर मोदी सरकार मौन है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जम्मू-कश्मीर के लोगों से विधानसभा चुनाव के बाद जल्द राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा किया था लेकिन चुनाव हुए आठ महीने बीत चुके हैं और प्रधानमंत्री ने हालिया जम्मू दौरे में इस मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं कहा।

भल्ला ने कहा कि भाजपा ने सत्ता के लालच में जम्मू-कश्मीर की जनता को दोहरे नियंत्रण वाले प्रशासन में धकेल दिया है। उन्होंने नायब तहसीलदार चयन विवाद पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के समय उन्होंने राजस्व मंत्री रहते हुए उर्दू को अनिवार्य से मुक्त किया था और अब जब कई भाषाएं आधिकारिक रूप से मान्यता प्राप्त हैं तो सभी के साथ समान व्यवहार होना चाहिए।

इसी बीच पूर्व विधायक दिना नाथ भगत ने प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि अमेरिका में ट्रंप प्रशासन द्वारा भारतीयों के साथ हुए अमानवीय व्यवहार और अपमानजनक भाषा पर भारत सरकार का रवैया शर्मनाक है। पूर्व एमएलसी श्याम लाल भगत ने पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलने वाले समर्थन पर सवाल उठाए और कहा कि मोदी सरकार इस पर कोई सख्त कदम नहीं उठा रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शेख मुजीब ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा जल्द बहाल करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो जनता अपने हक के लिए आंदोलन करेगी।

More From अन्य

View category

Leave a comment

Your email address will not be published.