Sunday, November 15, 2026 Sun, Nov 15, 2026
कठुआ

हटली चौकी से सटे रेलवे रोड पर फिर से फुटपाथ पर अतिक्रमणकारियों की भरमार, 2010 में सड़क दुघर्टना में आठ लोगों की हुई थी मौत, फिर प्रशासन किसी बड़े हादसे का कर रहा इंतजार

कठुआ। जिला कठुआ के एक मात्र रेलवे रोड़ के दोनों तरफ फुटपाथ पर फिर से अतिक्रमणकारियों का तांता लग चुका है जिससे आम जनता को स्टेशन पर आने जाने के लिए मुशकिलों का सामना करना पड़ता है।

हद तो तब हो जाती है जब शाम के समय प्रदेश से बाहर जाने वाली ट्रेनों का समय होता है और यात्री अपने निजी व यात्री वाहनों से स्टेशन की ओर जा रहे होते हैं, खासकर शाम 4ः00 बजे से लेकर 08 बजे तक रेलवे रोड से गुजरना मुश्किल होता है। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों को 15 से 20 मिनट जाम से निपटकर निकलना पड़ता है। शाम के समय फुटपाथ पर अतिक्रमण की वजह से इस रोड़ पर कई लोग सड़क दुर्घटना के भी शिकार हो चुके हैं।

गौरतलब हो कि 2010 में भी इस रोड़ पर बहुत भयानक दुर्घटना घटी थी जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई थी और तत्कालीन डीसी कठुआ ने इस क्षेत्र में धारा 144 लागू की थी और गाड़ियों की आवाजाही एक तरफा कर दी थी और रेहड़ी-फड़ी लगाने पर दस हजार का जुर्माना रखा था लेकिन मात्र कुछ साल तक ही इस आदेश पर अमल किया गया बाद में फिर से वैसा ही हो गया। शायद यूटी प्रशासन फिर से किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

दरअसल औद्योगिक क्षेत्र के चलते श्रमिकों की भरमार है और उसके बाद फुटपाथ से ऊपर दोनों तरफ रेहड़ी फड़ी वालों ने अतिक्रमण कर रखा हैं जिसकी वजह से राहगीरों को मजबूरन सड़क के बीचो बीच चलना पड़ता है। जिससे आए दिन बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग सड़क दुर्घटना का शिकार होते हैं।

हैरानी की बात यह है कि इसी रेलवे रोड से कई उच्च अधिकारियों का रोजाना आना जाना रहता है और हटली पुलिस चौकी मात्र 200 से 300 मीटर की दूरी पर है। जहंा पर पुलिस वालों का भी आना जाना लगा रहता है लेकिन कोई भी अपनी जिम्मेदारी नहीं समझता, हर कोई मुंह मोड़ कर निकल जाता है। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से कई बार अतिक्रमण हटाया भी गया है लेकिन मात्र औपचारिकता पूरी करने के बाद जैसे ही पुलिस वाले वहां से निकलते हैं वैसे ही फिर से अतिक्रमण हो जाता है। गौरतलब हो कि वर्ष 2006 से पहले इसी रेलवे रोड के दोनों तरफ फुटपाथ पर पक्का अतिक्रमण हो चुका था। बाहरी राज्यों से जो लोग इकाइयों में काम करने आए थे, उन्होंने रेलवे रोड के दोनों तरफ फुटपाथ पर पक्के खोखे बना लिए थे जिसके बाद जिला प्रशासन द्वारा कार्यवाही भी की गई थी और सुबह तड़के जेसीबी लगाकर अतिक्रमण को हटाया गया था। लेकिन उस समय जिला प्रशासन को अतिक्रमण हटाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी थी। तत्कालीन सरकार और प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए थे बाद में जब नहीं माने तो सुबह तड़के प्रशासन ने पुलिस की मदद से कार्रवाई करके खोखों को उखाड़ दिया था और रेलवे रोड को खुला कर दिया था लेकिन एक बार फिर से वही पुराना दृश्य देखने को मिल रहा है, दरअसल तीन चार महीनों से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से कोई भी कार्यवाही नहीं हुई है जिसके चलते एक बार फिर से रेलवे रोड के दोनों तरफ फुटपाथ पर पहले की तरह अतिक्रमणकारियों ने धीरे-धीरे पक्के अड्डे बनाना शुरू कर दिए हैं। अगर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन नींद ने नहीं जागा और इन अतिक्रमणकारियों को उचित स्थानों, जैसे एफसीआई गोदाम के समीप खुली पड़ी सरकारी जगह या हटली मोड़ क्षेत्र में 20 के करीब सरकारी दुकाने जोकि पिछले कई वर्षों से बंद पड़ी हैं, स्थानांतरित नहीं किया गया तो आने वाले समय में एक बार फिर से 2005 वाला दृश्य देखने को मिलेगा, अतिक्रमणकारी रेलवे रोड को दोनों तरफ बने फुटपाथ पर अतिक्रमण कर लेंगे जिसके बाद जिला प्रशासन फिर उसी तरह की जोर जबरदस्ती वाली कार्रवाई करेगा, इससे पहले प्रशासन को नींद से जागना चाहिए और इन लोगों को उचित स्थानों पर स्थानांतरित करना चाहिए।

वहीं स्थानीय दुकानदार और स्थानीय निवासी भी इन अतिक्रमणकारियों से बहुत परेशान हैं। स्थानीय दुकानदारों और स्थानीय निवासी करतार पंडित, महोम्मद रफी, रोमी, प्रवीन कोसर, सुनीता देवी, शेखर गुप्ता, अजय शर्मा, राजेश, आशोक आदि का कहना है कि शाम के समय पैदल चलना दुशवार हो चुका है। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत कई वार हटली पुलिस को भी की गई है लेकिन पुलिस वाले भी एक चक्कर लगाकर चले जाते हैं और फिर से वही हाल हो जाता है।

वहीं स्थानीय लोग भी जिला प्रशासन से कई बार इन अतिक्रमणकारियों को हटाने के लिए गुहार लगा चुकें हैं, लेकिन जब भी प्रशासन की टीम कार्यवाई के लिए आती है, तो उन्हें देख अतिक्रमणकारी भाग जाते हैं और वहीं के स्थानीय दुकानदारों के आगे से ही सामान उठाकर ले जाते हैं जोकि सड़क से काफी दूर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन पर कार्यवाई की जाऐ, क्योंकि आऐ दिन इन अक्रिमणकारियों का वजह से रेलवे रोड़ पर दुर्घटनाऐं होती रहती हैं। उन्होंने ने मांग की है कि जितने भी रेहड़ी-फड़ी वाले सड़क के बीचो बीच स्कूटर, मोटरसाइकिल और चार पहिया गाड़िया लगाकर फुटपाथ पर अतिक्रमण करते हैं और उनकी वजह से होने वाली दुर्घटनाओं में अतिक्रमणकारियों पर एफआईआर दर्ज की जाऐ और दुर्घटित हुए व्यक्ति का सारा खर्च उन्हीं से भरपाई करवाई जाऐ। तभी जाकर इस रोड पर अतिक्रमण कम होगा। उन्होंने कहा कि ये लोग भी रोजी रोटी कमाने आऐ हैं, इसलिए इन्हें एफसीआई के समीप खाली पड़ी जगह या हटली मोड़ के समीप खाली पड़ी सरकारी दुकानों पर स्थानांतरित किया जाए।

More From कठुआ

View category

Leave a comment

Your email address will not be published.