Monday, November 16, 2026 Mon, Nov 16, 2026
जम्मू

कांग्रेस ने राजौरी और रामबन में निकाली जय हिंद यात्रा, सेना की बहादुरी को किया सलाम, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

जम्मू। भारतीय सेना की बहादुरी और शौर्य को सम्मान देने तथा ऑपरेशन सिंदूर के राजनीतिकरण के खिलाफ आवाज उठाने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को राजौरी जिले के सुंदरबनी और रामबन में प्रभावशाली जय हिंद सभा और जय हिंद यात्रा का आयोजन किया। यह कार्यक्रम कांग्रेस की देशव्यापी मुहिम का हिस्सा है। सुंदरबनी में आयोजित रैली की अगुवाई जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रवींद्र शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर हमारी सेनाओं की वीरता का प्रतीक है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। लेकिन मौजूदा मोदी सरकार और भाजपा इस सैन्य सफलता की आड़ में सुरक्षा, संप्रभुता और विदेश नीति से जुड़े अहम सवालों से भाग रही है।

रैली में देशभक्ति के नारे लगाए गए और राष्ट्रीय ध्वज के साथ भव्य यात्रा निकाली गई। रवींद्र शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रंप प्रशासन द्वारा भारतीयों के साथ किए गए अपमानजनक व्यवहार और पाकिस्तान को मिलने वाली विदेशी मदद जैसे गंभीर विषयों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जैसे आतंक समर्थक देश को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिल रही मान्यता चिंताजनक है। ऐसे में संसद का विशेष सत्र बुलाकर देश की रक्षा जरूरतों, विदेश नीति और आंतरिक सुरक्षा पर गंभीर बहस आवश्यक है। इस मौके पर पूर्व सैन्य अधिकारी, पार्टी के ज़िला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी जैसे नैन चंद शर्मा, कैप्टन बाबू राम, योगराज शर्मा, राजेश जम्वाल, तीरथ राम शर्मा, सूबेदार ओम प्रकाश, लेक्चरर राजीव चड्ढा, अशोक कुमार, अश्वनी शर्मा, सरबजीत शर्मा, कैप्टन जोगिंदर सिंह, चौधरी अनवर, नोबत राम आदि मौजूद रहे।

इसी प्रकार रामबन में पूर्व मंत्री यशपाल कुंडल और पूर्व विधायक अशोक डोगरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने जय हिंद यात्रा निकाली। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परवेज़ वानी, फारूक कटोच, सरदार सोहन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। कुंडल ने सेना के पराक्रम की सराहना करते हुए पूछा कि भाजपा इसे अपनी उपलब्धि क्यों बता रही है, जबकि सुरक्षा चूक, पहलगाम में हमले की पूर्व जानकारी, ऑपरेशन सिंदूर की सूचना पाकिस्तान तक पहुंचने जैसे सवालों पर सरकार चुप है। उन्होंने अमेरिकी मध्यस्थता और हमारे नागरिकों के प्रति बर्बरता जैसे विषयों पर भी केंद्र सरकार से जवाब मांगा।

उन्होंने मांग की कि इन सभी मुद्दों पर संसद का विशेष सत्र तुरंत बुलाया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि जय हिंद यात्रा आगामी दिनों में राज्य के विभिन्न जिलों, विधानसभा क्षेत्रों और ब्लॉकों में भी निकाली जाएगी और इसके साथ-साथ पूर्ण राज्य का दर्जा, सम्मान और अधिकारों की बहाली की मांग को भी तेज़ किया जाएगा।

More From जम्मू

View category

Leave a comment

Your email address will not be published.