Monday, November 16, 2026 Mon, Nov 16, 2026
जम्मू

आयुष्मान भारत शिविरों के आयोजन को लेकर भाजपा नेताओं ने सीईओ स्वास्थ्य एजेंसी से मुलाकात

जम्मू। वरिष्ठ भाजपा नेता और सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण कार्यक्रम की सह-संयोजक रेखा महाजन ने भाजपा के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक पुनीत महाजन के साथ जम्मू-कश्मीर राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव एम. गडकर से मुलाकात की। इस बैठक में जम्मू शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन को लेकर चर्चा हुई।

रेखा महाजन ने बताया कि केंद्र में मोदी सरकार के 11 सफल वर्षों के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी देशभर में जन-कल्याणकारी कार्यक्रम चला रही है, जिसमें आयुष्मान भारत शिविर प्रमुख भूमिका निभाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य है। बैठक में रेखा महाजन ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की वर्तमान स्थिति और आम जनता के बीच इसके प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजना का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब जागरूकता और पंजीकरण दोनों व्यापक हों।

पुनीत महाजन ने योजना से संबंधित कई अहम मुद्दे उठाए, जिसमें पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने और योजना के लाभों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता शामिल थी। उन्होंने विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की 100 प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने पर बल दिया, जिन्हें स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।

उन्होंने सीईओ से आग्रह किया कि प्रशासनिक और आधारभूत ढांचे का पूर्ण सहयोग प्रदान करते हुए इन शिविरों को सफल बनाया जाए। साथ ही उन्होंने स्वस्थ भारत’ के प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सीईओ संजीव गडकर ने इस पहल की सराहना की और राज्य स्वास्थ्य एजेंसी की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के समावेशी, पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन की प्रतिबद्धता दोहराई।

More From जम्मू

View category

Leave a comment

Your email address will not be published.