Monday, November 16, 2026 Mon, Nov 16, 2026
जम्मू

वरिष्ठ नागरिकों के लिए जागरूकता व स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन त्रिकुटा नगर में सम्पन्न

जम्मू। त्रिकुटा नगर स्थित सीनियर सिटीज़न रीजुवेनेशन सेंटर की ओर से एक जागरूकता सह स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आयुष विभाग के वरिष्ठ डॉक्टरों ने सक्रिय भागीदारी की। इस शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को आयुर्वेद, पंचकर्म एवं योग चिकित्सा के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर प्रमुख समाजसेविका और भाजपा नेत्री अधिवक्ता रेखा महाजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रिवेंटिव हेल्थकेयर (रोगों की रोकथाम) की दिशा में ऐसे शिविर विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को संतुलित जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण बताया। शिविर की अध्यक्षता त्रिकुटा नगर विकास परिषद के अध्यक्ष एस.सी. वर्मा ने की। उन्होंने केंद्र की गतिविधियों को पूर्ण समर्थन देने की बात कही।

केंद्र के अध्यक्ष के.एस. सम्याल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि केंद्र द्वारा नियमित रूप से वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य व कल्याण के लिए योग, चिकित्सा परामर्श व अन्य गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं। डॉ. हरबक्ष सिंह (पंचकर्म विशेषज्ञ) ने पंचकर्म की उपयोगिता और शरीर को विषमुक्त करने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने दैनिक जीवन में आयुर्वेदिक दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। डॉ. लोटिका भारती (ईएनटी व नेत्र रोग विशेषज्ञ) ने नाक व आंखों की देखभाल से जुड़े उपयोगी टिप्स साझा किए और सरल योग क्रियाएं भी प्रदर्शित कीं।

योग विशेषज्ञ नीलम कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी चिकित्सकीय योगासन का लाइव प्रदर्शन किया, जिनसे गतिशीलता बेहतर होती है और उम्र से जुड़ी बीमारियों में राहत मिलती है। एम.टी.एस. राघव कुमार ने शिविर के संचालन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन केंद्र के महासचिव टी.सी. टगर द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिन्होंने सभी डॉक्टरों, अतिथियों व प्रतिभागियों को शिविर को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।

More From जम्मू

View category

Leave a comment

Your email address will not be published.