भाजपा के आतंकियों से तार जुड़ने की घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए : विधायक सुखपाल सिंह खैहरा

जम्मू। पंजाब के विधायक व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने भाजपा के आतंकियों से तार जुड़ने की कई घटनाओं का ब्योरा देते हुए कहा कि मामलों की उच्च स्तरीय जांच करवाई जानी चाहिए।
पार्टी मुख्यालय शहीदी चौक जम्मू में पत्रकार वार्ता में खैहरा ने मोदी सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि सीबीआइ, इडी समेत जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार कांग्रेस मुक्त नहीं बल्कि विपक्षी मुक्त भारत के एजेंडा पर काम कर रही है। जांच एजेंसियों को आठ साल में भाजपा नेताओं में कोई बुराई दिखाई नहीं दी। यह देश के लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आतंकवाद पर राजनीति के पक्ष में कभी नहीं रही है। जिस तरह से एक के बाद एक घटनाओं में लगातार आतंकियों तथा अपराधियों के तार भाजपा से जुड़े मिले हैं ऐसे में सवाल पूछना जरूरी हो जाता है। पिछले दिनों उदयपुर में कन्हैया लाल जी की हत्या में शामिल एक आरोपी मोहम्मद रियाज अत्तारी भाजपा का कार्यकर्ता निकला। जम्मू-कश्मीर में ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों में से एक तालिब हुसैन शाह भाजपा का पदाधिकारी निकला।
उन्होंने आरोप लगाया कि साल 2020 में जम्मू कश्मीर में आतंकियों को हथियार मुहैया कराने के आरोप में भाजपा के पूर्व नेता एवं सरपंच तारिक़ अहमद मीर को गिरफ्तार किया गया था। आतंकवादी मसूद अजहर को भी भाजपा सरकार ने छोड़ा था जिसके बाद उसने देश में कई आतंकी वारदात को अंजाम दिया। पुलवामा में 200 किलो आरडीएक्स कैसे पहुंचा इसका जवाब अभी तक देश को नहीं मिला है। इसकी जांच अभी तक क्यों हुई ये भी एक सवाल है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई बहुत बढ़ गई है। बेरोजगारी की समस्या ने विकराल रूप धारण किया है। पत्रकार वार्ता से पहले खैहरा, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा, योगेश साहनी व अन्य नेताओं ने श्री अमरनाथ यात्रा में बादल फटने से मरने वाले श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।


