जानीपुर पुलिस स्टेशन ने दो स्नैचरों को गिरफ्तार किया, 2 लाख मूल्य के चार स्प्लिट एसी बरामद

जम्मू। जानीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्नैचिंग की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और करीब 2 लाख रुपये मूल्य के चार चोरी हुए स्प्लिट एसी बरामद कर लिए। साथ ही अपराध में प्रयुक्त एक ऑटो और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता करमजीत सिंह पुत्र शंकर सिंह निवासी संजय नगर जम्मू ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उन्हें एक मोबाइल नंबर से फोन आया, जिसमें चार स्प्लिट एसी खरीदने की बात कही गई। कॉल पर भरोसा कर उन्होंने ऑटो-रिक्शा के माध्यम से एसी यूनिट भेज दिए। लेकिन घटनास्थल पर आरोपियों ने एसी अपने वाहन में रख लिए और मौके से फरार हो गए।
शिकायत मिलने पर जानीपुर पुलिस स्टेशन में धारा 304 बीएनएस के तहत एफआईआर संख्या 124/2025 दर्ज कर एक विशेष टीम का गठन किया गया। लगातार प्रयास और तकनीकी व मानवीय सूझबूझ के इस्तेमाल से पुलिस ने आरोपियों की पहचान अजय कुमार पुत्र शाम लाल निवासी न्यू प्लॉट जम्मू और अंकुश कुमार पुत्र अमित लाल निवासी रेहारी कॉलोनी जम्मू के रूप में की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वे अन्य वारदातों में भी शामिल हैं।


