Monday, November 16, 2026 Mon, Nov 16, 2026
जम्मू

राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की घोषणा

जम्मू। मिशन स्टेटहुड के अध्यक्ष सुनील डिम्पल ने वीरवार को जानीपुर हाई कोर्ट रोड पर ज़बरदस्त विरोध रैली निकाली और जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की।

उन्होंने ऐलान किया कि उनकी संस्था इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दायर करेगी और संसद सत्र के दौरान दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन तथा संसद का घेराव करेगी। रैली को संबोधित करते हुए डिम्पल ने कहा कि बीजेपी कभी भी जम्मू-कश्मीर को डोगरा रियासत का दर्जा वापस नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के सभी 90 विधायक राज्य का दर्जा बहाल करवाने में असफल रहे हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि राज्य का दर्जा बहाल होते ही विधानसभा भंग होगी और दोबारा चुनाव में वे जीत नहीं पाएंगे।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी जानबूझकर विधानसभा उपचुनाव, पंचायत और निगम चुनाव टाल रही है और राज्यसभा की चार सीटों पर चुनाव नहीं करा रही है। डिम्पल ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से विशेष विधानसभा सत्र बुलाकर राज्य के दर्जे की बहाली में हो रही देरी पर बहस की मांग की। उन्होंने महाराजा हरि सिंह द्वारा किए गए अनुबंधों, स्टैंडस्टिल एग्रीमेंट और राज्य विषय कानून को बहाल करने की मांग दोहराई।

उन्होंने धारा 370, विशेष दर्जे और राज्य की बहाली को लेकर अपनी लड़ाई को जारी रखने की बात कही। डिम्पल ने आरोप लगाया कि अब तक 85,000 से अधिक डोमिसाइल बाहरी लोगों को जारी किए जा चुके हैं और 25 लाख से अधिक बाहरी लोग जम्मू-कश्मीर में बस चुके हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता, विशेषकर युवा वर्ग, बेरोजगारी और प्रशासनिक उदासीनता से परेशान हैं। डिम्पल ने राज्यसभा की चारों सीटों पर तत्काल चुनाव कराने की मांग की।

More From जम्मू

View category

Leave a comment

Your email address will not be published.