Monday, November 16, 2026 Mon, Nov 16, 2026
कठुआ

बीजेपी पहाड़ी जिला ने बिलावर में मनाया संविधान हत्या दिवस, आपातकाल को बताया लोकतंत्र पर हमला

कठुआ। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पहाड़ी जिला इकाई ने संविधान हत्या दिवस के रूप में आपातकाल के दिन को याद करते हुए बिलावर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में जम्मू के पूर्व उपमहापौर बलदेव सिंह बिलावरिया मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।

पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने काली पट्टियाँ बांधकर आपातकाल के विरोध में प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बलदेव सिंह बलोरिया ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए देश में आपातकाल थोप दिया, जो कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक काला अध्याय है। उन्होंने कहा कि उस समय नागरिकों के मौलिक अधिकार छीन लिए गए, प्रेस की स्वतंत्रता को कुचल दिया गया और विरोध करने वालों को जेल में डाल दिया गया।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, आज जो लोग संविधान की दुहाई देते हैं, उन्हीं के परिवार ने देश में संविधान को निलंबित किया था। यह विडंबना है कि जिसने संविधान की सबसे ज्यादा बार अवहेलना की, वह आज संविधान की रक्षा की बात करता है। बलदेव सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ भी अन्याय किया और आज जब बीजेपी संविधान की रक्षा में कार्य कर रही है, कांग्रेस पार्टी उसे संविधान विरोधी बताने में लगी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की उन जनविरोधी नीतियों और कृत्यों को जनता के समक्ष लाएं, जो इतिहास में दर्ज हैं।

इस मौके पर बीजेपी पहाड़ी जिला अध्यक्ष गोपाल कृष्ण, डीडीसी विक्रम सिंह, डीडीसी नारायण दत्त त्रिपाठी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष गोपाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष टिक्का शर्मा, सुमन लता और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। कार्यक्रम में सभी ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की शपथ ली। बीजेपी का यह आयोजन न केवल आपातकाल के लोकतंत्र विरोधी पहलुओं को उजागर करने का प्रयास था, बल्कि यह भी दिखाता है कि पार्टी संविधान के प्रति अपनी निष्ठा और जागरूकता फैलाने के मिशन पर प्रतिबद्ध है।

More From कठुआ

View category

Leave a comment

Your email address will not be published.