मीरां साहब पुलिस ने कुख्यात नशा तस्कर को पीआईटी एनडीपीएस के तहत भेजा जेल, लंबे समय से कर रहा था नशे का कारोबार

जम्मू। मीरां साहब थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिम्बल कैम्प निवासी कुख्यात नशा तस्कर मनप्रीत सिंह उर्फ सरताज के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जिला जेल उधमपुर भेज दिया है।
मनप्रीत सिंह पर पहले भी नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं और वह कई बार पुलिस की गिरफ्त में आने के बावजूद कोर्ट से जमानत पर बाहर आकर दोबारा नशे के अवैध कारोबार में लिप्त हो जाता था।
इस बार मीरां साहब पुलिस ने उसके खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए विस्तृत डोजियर तैयार किया और डिविजनल कमिश्नर के आदेशानुसार उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि समाज को नशा मुक्त बनाना उनका प्राथमिक लक्ष्य है, और इसी दिशा में लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। बीते दिनों में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कई कुख्यात नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भेजकर नशा कारोबार की कमर तोड़ने का प्रयास किया है।


