विजयपुर पुलिस ने विफल किया भुक्की तस्करी का प्रयास, ढाई क्विंटल भुक्की सहित एक काबू

सांबा। जिला पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध अपने अभियान को लगातार जारी रखा हुआ है। सांबा की विजयपुर पुलिस ने एम्स के पास जम्मू पठानकोट राजमार्ग पर लगाए गए नाके के दौरान एक ट्रक से करीब ढाई क्विंटल भुक्की की खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले को लेकर ट्रक सवार को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने जिला पुलिस प्रमुख अभिषेक महाजन के निर्देशों पर राजमार्ग पर नाका लगाया गया था। एसडीपीओ प्रियंका कुमारी और थाना प्रभारी राजीव कुमार की अगुवाई में लगाए गए नाके के दौरान पीबी07जेड-8370 को जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान ट्रक के भीतर से 11 के करीब प्लास्टिक बैग में रखी गई करीब 250 किलो यानि ढाई क्विंटल भुक्की की खेप को बरामद कर लिया गया जिसके बाद पुलिस ने ट्रक सवार तस्कर जितेंद्र सिंह पुत्र रघवीर सिंह निवासी होशियारपुर पंजाब को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि यह खेप पंजाब की ओर ले जाई जानी थी। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर नंबर 103/2022 के तहत 8/15 एनडीपीएस एकट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


