सप्ताह में हो जाएगी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए प्रधान नियुक्ति, चुनाव में आजाद होंगे कांग्रेस का चेहरा

जम्मू। प्रदेश कांग्रेस कमेटी को एक सप्ताह में नया प्रधान मिल जाएगा। फिलहाल प्रदेश प्रधान गुलाम अहमद मीर के इस्तीफे पर अभी कोई फैसला नहीं हो पाया है।
मीर ने गत दिनों सोनिया गांधी को पत्र लिखकर नए प्रधान नियुक्त करने के लिए कहा था। मीर ने नए प्रधान का फैसला सोनिया गांधी पर छोड़ दिया है। अब प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की नजरें पार्टी हाइकमान पर लगी हुई है। पूर्व मंत्री विकार रसूल को प्रधान बनाने की चर्चा के बाद पार्टी के अंदर गुटबाजी तेज हो गई है। पिछले काफी समय से प्रदेश कांग्रेस में दो गुट चले आ रहे हैं। एक गुलाम नबी आजाद का गुट है तो दूसरा मीर का।
सात साल से अधिक का समय से प्रधान रहने के बाद गुलाम अहमद मीर हटने जा रहे हैं। मीर के खिलाफ आजाद समर्थकों में काफी रोष था। सूत्र बताते हैं कि जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी हाईकमान गुलाम नबी आजाद को पार्टी का चेहरा बनाने के लिए तैयार है। इसलिए ही अब नया प्रधान निश्चित तौर पर आजाद समर्थक ही होगा। गुलाम नबी आजाद ने राहुल गांधी को प्रदेश प्रधान पद के लिए चार नाम दिए थे। इनमें पूर्व प्रधान पीरजादा मोहम्मद सईद, विकार रसूल, गुलाम नबी मोंगा और जीएम सरूरी शामिल हैं।
सूत्र बताते हैं कि विकार रसूल पर राहुल गांधी करीब-करीब सहमति दे चुके हैं और कभी उनको नियुक्त किया जा सकता है। सप्ताह भर में यह फैसला हो सकता है। पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता विकार रसूल का नाम आगे आने पर भले ही खुश नहीं है और कई अभी से पार्टी के भीतर पत्रों के माध्यमों से पार्टी हाईकमान को अपनी नाराजगी बता रहे हैं, लेकिन खुले तौर पर कोई सामने नहीं है। अब यह हो जाएगा कि अगर कोई आजाद समर्थक नेता का विरोध करेगा तो यह समझा जाएगा कि वह आजाद का विरोध कर रहा है।
पार्टी हाईकमान जम्मू कश्मीर में कांग्रेस का कोई ऐसा नेता सामने लाना चाहती है जो फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती के स्तर का हो और इनके स्तर का नेता कांग्रेस के पास जम्मू कश्मीर में गुलाम नबी आजाद के सिवाए कोई नहीं है। प्रधान की नियुक्ति के साथ रमण भल्ला कार्यवाहक प्रधान बने रहेंगे।


