युवा नौकरी लेने वाला नहीं, देने वाला बनेगा- धर्मेंद्र प्रधान

वाराणसी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अब युवा नौकरी लेने वाला नहीं, देने वाला बनेगा। मैकाले शिक्षा पद्धति सिर्फ नौकरी पेशा की मानसिकता प्रस्तुत करने के लिए शिक्षा व्यवस्था बनाई गई थी। अब जब भारत विश्वगुरु बन रहा है, हमें बौद्धिकता बढ़ाना है जिसके लिए हमें शोध पर बल देना होगा।
केन्द्रीय मंत्री शिक्षा विभाग, यूजीसी और बीएचयू के संयुक्त तत्वावधान में सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय शिक्षा समागम के समापन समारोह के बीच मीडिया से रूबरू थे।
उन्होंने कहा कि देश में 1835 के बाद मैकाले शिक्षा पद्धति में जो बिंदु थे, आज़ादी के बाद उनमें संशोधन की जरूरत थी, लेकिन नहीं हुआ। नौकरी पेशा के लिए मैकाले की शिक्षा पद्धति बनी थी। 2020 की राष्ट्रीय शिक्षा नीति एक बदलाव लाने के लिए लाई गई है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति भारतीय भाषाओं पर जोर देकर बनाई गई है। रोजगार के लिए नहीं बल्कि रोजगार निर्माता बनने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब 21वीं सदी में हम दार्शनिक तत्व की बात कर रहे हैं, इसलिए हमने सर्व विद्या की राजधानी को चुना, यहां सीखने सीखाने की गुरु शिष्य परंपरा बहुत पुरानी है।
उन्होंने बताया कि 260 फ्री टू एयर चैनल के जरिये गुणात्मक शिक्षा दी जायेगी। डिजिटल यूनिवर्सिटी के माध्यम से हम भारत के सामान्य घर के बच्चों तक शिक्षा उपलब्ध कराएंगे। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने बताया कि समागम में नई शिक्षा नीति पर आगे का रोड मैप क्या होगा इस पर देशभर के कुलपति व विद्वानों ने चर्चा की है। समागम में 350 से ज़्यादा विश्वविद्यालय व 600 से ज़्यादा विद्वानों ने प्रतिनिधित्व किया।
उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में भारत एक नॉलेज बेस इकोनामी की कल्पना कर रहा हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति उसका प्रमुख मसौदा है। ढांचागत परिवर्तन की ओर भारत की शिक्षा को ले जाना प्रधानमंत्री का विजन है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने बताया कि पीएम का विज़न है स्थानीय आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए टेक्नोलॉजी इनोवेशन पर जोर दें। इसके लिए शिक्षा जगत काम करें। विश्वविद्यालय उसकी नया मंदिर बने। पहली बार देश में एक का समावेशी अप्रोच के साथ उच्च शिक्षा के सभी स्टेक होल्डर्स को इकट्ठा लाकर इस प्रकार के एक समागम किया गया। जिसको आने वाले समय में स्थाई रूप दिया जाएगा और निश्चित समय अंतराल में किया जायेगा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि पहली बार शिक्षाविदों का ऐसा सम्मेलन हुआ है। पहले केंद्र और राज्य विश्वविद्यालय,आईआईटी, एनआईटी के अलग सम्मेलन होते थे। उन्होंने कहा कि काशी की अखिल भारतीय शिक्षा समागम का प्रमुख टेकवे है कि शिक्षा छात्र आधारित किया जाएगा और शिक्षकों के द्वारा किया जाएगा। यही काशी की गुरु शिष्य परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में 5 ट्रिलियन इकोनॉमी बनानी है इसके लिए विश्व की बौद्धिक जगत में हमारी नेतृत्व भी चाहिए।
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजों आबे को दी गई श्रद्धांजलि
अखिल भारतीय शिक्षा समागम के समापन समारोह में जापान के भूतपूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांंजलि देते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सभागार से पूर्व प्रधानमंत्री की बहुत सी यादें जुड़ी हैं। उनके कार्यकाल में जापान की मदद से ही इसे बनाया गया है। प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन ने भी जापान के प्रधानमंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
समापन सत्र में इन विषयों पर हुई चर्चा
अखिल भारतीय शिक्षा समागम में डिस्प्लीनेरी एजुकेशन, स्किल डेवलपमेंट और रोजगार, इंडियन नॉलेज सिस्टम, शिक्षा का अंतरराष्ट्रीय करण, डिजिटल एंपॉवरमेंट, ऑनलाइन शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता, गुणवत्ता, रैंकिंग और प्रत्यायन, समान और समावेशी शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों का क्षमता निर्माण जैसे विषय पर चर्चा हुई।


